कार में अवैध शराब परिवहन: एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
महासमुंद। पिथौरा पुलिस ने अवैध रूप से शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गया। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान गार्डन चौक के पास एक ब्रेजा कार (क्रमांक सीजी 06 एचबी 9500) का चालक पुलिस वाहन को देखकर देवार बस्ती की ओर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया। इस दौरान चालक ने कार को पिथौरा गौशाला के पास खड़ी कर दी और मौके से फरार हो गया। कार में मौजूद दूसरे व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम संतोष यादव (46), निवासी वार्ड-12 रानीसागर पारा पिथौरा बताया। वहीं फरार आरोपी का नाम वाहन मालिक कमलजीत उर्फ प्रिंस सलूजा बताया गया।
पूछताछ में पता चला कि कार की डिग्गी में शराब रखी हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान वाहन से 195 पौवा देशी शराब (कीमत 15,600 रुपये) बरामद की, साथ ही कार को भी जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
