औद्योगिक आपदा से निपटने जिले में तैयारियां तेज

21 अप्रैल को टेबल टॉप एक्सरसाइज, 23 अप्रैल को मॉक ड्रिल आयोजित होगी
महासमुंद। भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले में औद्योगिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 21 अप्रैल 2026 को सुबह 09:30 बजे एनआईसी, महासमुंद में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपदा प्रबंधन की रणनीतियों और समन्वय प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
23 अप्रैल को बेलसोंडा में मॉक एक्सरसाइज
इसके बाद 23 अप्रैल 2026 को ग्राम बेलसोंडा स्थित राइस मिल में मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आपदा की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।
पर्यवेक्षक एवं नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय एवं एसडीओ(पी) चुन्नू तिगा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सृष्टि चंद्राकर को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि डिप्टी कलेक्टर तेजपाल सिंह ध्रुव और जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सभी विभागों को सक्रिय सहभागिता के निर्देश
जिला प्रशासन ने संबंधित सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वे प्रशिक्षण एवं मॉक एक्सरसाइज में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि किसी भी संभावित औद्योगिक आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इन्हें भी पढ़े