शुभांश शर्मा का राष्ट्रीय रग्बी चैंपियनशिप में चयन

राजगीर (बिहार) में 16 से 21 अप्रैल तक होगी सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स प्रतियोगिता
महासमुंद। जिले के तुमगांव क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शुभांश शर्मा का चयन सीनियर राष्ट्रीय रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप (महिला एवं पुरुष) के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 16 से 21 अप्रैल 2026 तक बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित की जा रही है।
खेल प्रशिक्षक डॉ. सुनील कुमार भोई (भोरिंग) ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय रग्बी सेवन्स प्रतियोगिता में महासमुंद जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसी प्रतियोगिता में शुभांश शर्मा के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया है।
शुभांश शर्मा इससे पहले भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित जूनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप में भाग लिया था। वहीं वर्ष 2024 में भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित सीनियर नेशनल और पटना (बिहार) में आयोजित राष्ट्रीय शालेय रग्बी प्रतियोगिता (अंडर-19) में भी अपनी सहभागिता दर्ज करा चुके हैं।
उनकी इस उपलब्धि में परिवार का विशेष योगदान रहा है। हर्ष शर्मा और सुनील शर्मा लगातार उन्हें सहयोग प्रदान करते रहे हैं। वहीं रिवर्डल वर्ल्ड स्कूल महासमुंद की प्राचार्य पूजा शर्मा एवं कौनैन अहमद का भी विशेष सहयोग मिला है।
गौरतलब है कि शुभांश पिछले चार वर्षों से तुमगांव खेल मैदान में डॉ. सुनील कुमार भोई के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिसका परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर उनके चयन के रूप में सामने आया है।
शुभांश शर्मा के चयन पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरें, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, डॉ. अयाज अहमद, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजलि बरमाल, पोखन ढीढी, प्राचार्य कमलेश्वरी साहू, डोलेश होता, कामता प्रसाद साहू सहित जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इन्हें भी पढ़े