बोलपुर में योगी आदित्यनाथ की सभा, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने किया भाजपा के पक्ष में प्रचार
भयमुक्त पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा को जिताने की अपील, दिलीप घोष के समर्थन में लगातार सक्रिय
महासमुंद। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा अपने प्रभार क्षेत्र बोलपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में सक्रिय प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
गुरुवार को बोलपुर विधानसभा क्षेत्र में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा आयोजित हुई, जिसमें विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी बतौर विधानसभा प्रभारी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने आमजन से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल को भयमुक्त बनाने और हिंसा व अपराध पर नियंत्रण के लिए भाजपा की सरकार बनाना जरूरी है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि भाजपा प्रत्याशियों को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाएं।
वहीं, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा लगातार बोलपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी दिलीप कुमार घोष के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
सिन्हा ने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार ने प्रदेश को विकास की राह से दूर कर दिया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और भयमुक्त एवं विकासशील पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा को समर्थन दे रही है।
