5 करोड़ से अधिक के गांजे का किया नष्टीकरण

जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में कार्रवाई, 18 मामलों से जब्त मादक पदार्थ नष्ट
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए महासमुंद पुलिस ने बड़ी मात्रा में जब्त गांजे का नष्टीकरण किया। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आज बालाजी प्लांट, बेलसोंडा में जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में यह कार्रवाई संपन्न हुई।
नष्टीकरण के दौरान जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 18 प्रकरणों में जब्त कुल 999.200 किलोग्राम (09 क्विंटल 99 किलो 200 ग्राम) गांजा नष्ट किया गया। इस जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 04 लाख 23 हजार 300 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय और जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में की गई। नष्टीकरण से पहले सभी जब्त सामग्री का विधिवत भौतिक सत्यापन किया गया।
इन थानों के प्रकरण शामिल
इस नष्टीकरण में शामिल मामलों में थाना कोमाखान के 7, बसना के 7, सांकरा के 1, सिंघोड़ा के 2 और पिथौरा के 1 प्रकरण शामिल हैं। इनमें वर्ष 2025 के 2 प्रकरण (थाना सिंघोड़ा) तथा शेष 16 प्रकरण वर्ष 2026 के हैं, जो कोमाखान, बसना, सांकरा और पिथौरा थानों से संबंधित हैं।