यूरिया वितरण में गड़बड़ी पर 12 कृषि सेवा केंद्रों के लाइसेंस 21 दिन के लिए निलंबित

पॉस मशीन का नियम तोड़ने पर कार्रवाई, किसानों से अपील अंगूठा लगाकर ही लें उर्वरक
महासमुंद। जिले में यूरिया उर्वरक वितरण में अनियमितता पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। गुरुवार को पॉस मशीन के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया का पालन न करने पर जिले के 12 कृषि सेवा केंद्रों के लाइसेंस 21 दिनों के लिए निलंबित कर दिए गए हैं।
उप संचालक कृषि एफ.आर. कश्यप ने बताया कि संबंधित कृषि सेवा केंद्रों द्वारा उर्वरक वितरण में नियमों की अनदेखी की गई, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है।
जिन कृषि सेवा केंद्रों पर कार्रवाई की गई है, उनमें कृषि सेवा केंद्र बंसुला, पवन देवांगन कृषि केंद्र भीमखोज, सिन्हा कृषि केंद्र खम्हरिया, श्री हरि कृषि केंद्र बागबाहरा, श्री गणेश कृषि केंद्र बागबाहरा, महेश ट्रेडिंग कंपनी बसना, रितेश पटेल कृषि सेवा केंद्र बरेकेल, रोशन अग्रवाल भंवरपुर, सिंधु कृषि सेवा केंद्र बंसुला, शिव ट्रेडर्स बसना, सम्लेश्वरी कृषि सेवा केंद्र परसकोल और शंकर टेक्सटाइल भंवरपुर शामिल हैं।
उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक खरीदते समय पॉस मशीन पर अनिवार्य रूप से अंगूठा लगाकर ही लेन-देन सुनिश्चित करें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचा जा सके।