सुनील टांडे बने जिला कांग्रेस के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेश पर नियुक्ति, द्वारिकाधीश यादव से मुलाकात कर जताया आभार
महासमुंद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी रायपुर के सांस्कृतिक साहित्यिक प्रकोष्ठ द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के तहत देवरी कोमाखान निवासी सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ता सुनील टांडे को महासमुंद जिले का जिलाध्यक्ष (साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ) नियुक्त किया गया है।
नियुक्ति के बाद श्री टांडे ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान श्री यादव ने कहा कि सुनील टांडे की पार्टी के प्रति निष्ठा, सक्रियता और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में निरंतर योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिले में लोक कला, संस्कृति एवं साहित्य से जुड़े लोगों को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील टांडे ने प्रदेश नेतृत्व एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की रीति-नीति और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए सांस्कृतिक एवं साहित्यिक क्षेत्र के विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही प्रकोष्ठ की गतिविधियों की जानकारी नियमित रूप से वरिष्ठ नेताओं को देते रहेंगे।
उनकी नियुक्ति पर समर्थकों, शुभचिंतकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है। परिवारजनों ने भी गर्व व्यक्त करते हुए इसे उनके सामाजिक समर्पण और मेहनत का परिणाम बताया। इस अवसर पर नारायण बघेल एवं आरती सिन्हा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।