अवैध शराब परिवहन पर कार्रवाई, पुलिस ने युवक को दबोचा
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को एक और सफलता मिली है। बाइक से देशी शराब का परिवहन कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति देशी शराब भट्ठी सितली नाला से अधिक मात्रा में शराब लेकर स्कूटी के माध्यम से भलेसर मार्ग की ओर जाने वाला है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने भलेसर आम बगीचा के पास घेराबंदी की।
जांच के दौरान वार्ड क्रमांक 26 कुम्हार पारा, महासमुंद निवासी दानेश्वर साहू (22) को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 36 पौवा देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग 2,880 रुपए आंकी गई, तथा एक एक्टिवा वाहन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है।
