IPL सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश, 9 बड़े बुकी गिरफ्तार
लाखों के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के सबूत जब्त
बसना, पिथौरा, सांकरा, सरायपाली व भंवरपुर में एक साथ दबिश, 3 आरोपी अब भी फरार
महासमुंद। पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित IPL सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बसना, पिथौरा, सांकरा, सरायपाली और भंवरपुर क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश देकर 9 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई की शुरुआत भंवरपुर चौक से पकड़े गए आरोपी योगेश्वर देवांगन से पूछताछ के बाद हुई, जिसमें जिले के अन्य बड़े सटोरियों के नाम सामने आए। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 5 विशेष टीमों का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की गई।
पुलिस जांच में आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें फोन पे और यूपीआई के जरिए 3 लाख रुपए से अधिक के ऑनलाइन सट्टा लेन-देन के पुख्ता प्रमाण मिले हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही मामले में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि 3 फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।
