ऑनलाइन सट्टा गिरोह “पावर एक्स” का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
एडमिन पैनल संचालक सहित पूरा नेटवर्क पकड़ा गया
महासमुंद। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ”पावर एक्स” नामक सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महासमुंद और 5 रायपुर निवासी शामिल हैं, जबकि अन्य संदिग्धों की जांच जारी है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महासमुंद निवासी दीपेश गोस्वामी उर्फ सुमन, रायपुर के मनीष शर्मा उर्फ राजा उर्फ मूसा,
हितेश उर्फ मोनू साहू, हितेश उर्फ पिंकू साहू,
नवनीत देवांगन उर्फ बाबा और दुर्ग के उज्जवल देवांगन उर्फ राजा व्हाट्सएप ग्रुप “पावर एक्स” के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। इस गिरोह द्वारा वर्चुअल नंबर का उपयोग कर ग्रुप संचालित किया जाता था और लिंक शेयर कर लोगों को सट्टा खिलाया जाता था। रकम का लेन-देन ऑनलाइन पेमेंट ऐप फोन पे के माध्यम से किया जाता था, जिसमें लाखों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन के प्रमाण मिले हैं।
मोबाइल से मिले अहम सबूत
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आईफोन, वीवो और ओप्पो कंपनी के मोबाइल जब्त किए हैं। इन मोबाइलों में ऑनलाइन सट्टा से संबंधित चैट, ट्रांजेक्शन स्क्रीनशॉट और फोन पे के माध्यम से हजारों से लाखों रुपये के लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि घोड़ारी स्थित बाबा फैमिली ढाबा में दीपेश गोस्वामी द्वारा ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां पूछताछ में सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान यह सामने आया कि मनीष शर्मा उर्फ राजा उर्फ मूसा “पावर एक्स” व्हाट्सएप ग्रुप का एडमिन है, जो वर्चुअल सिम के माध्यम से पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। अन्य आरोपी अकाउंट, लॉगिन डिस्ट्रीब्यूशन और सट्टा खेलने-खिलाने में शामिल थे। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये आंकी गई है।
