नगर पालिका कर्मचारियों को रथ यात्रा से पहले मिलेगा वेतन, शासन ने जारी किए एक करोड़ से अधिक

नपाध्यक्ष निखिलकांत के प्रयास रंग लाए, प्लेसमेंट एवं नियमित कर्मचारियों के वेतन भुगतान का रास्ता हुआ साफ
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के लगातार प्रयासों और शासन स्तर पर किए गए प्रभावी समन्वय का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। शासन ने नगर पालिका के प्लेसमेंट एवं नियमित कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी कर दी है। इसके साथ ही रथ यात्रा के पावन पर्व से पहले कर्मचारियों के खातों में वेतन राशि जमा किए जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। इसी उद्देश्य से उन्होंने वेतन भुगतान के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का विषय लगातार शासन के समक्ष उठाया। संबंधित विभागीय अधिकारियों से नियमित संपर्क एवं समन्वय बनाए रखते हुए शीघ्र राशि स्वीकृत कराने के लिए निरंतर प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप शासन ने एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी कर दी।
उन्होंने कहा कि रथ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व से पहले वेतन मिलने से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। इससे वे बिना किसी आर्थिक चिंता के पूरे उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ पर्व मना सकेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष ने राशि स्वीकृत करने के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े हर विषय पर वे आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि कर्मचारी भी नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, राजस्व वृद्धि तथा नागरिक सुविधाओं के बेहतर संचालन के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार शासन से राशि जारी होने के बाद वेतन भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन राशि जमा कर दी जाएगी।