रागनी साहू अंतरराष्ट्रीय ‘मिशन शक्तिसैट’ की नेशनल फाइनलिस्ट बनीं
108 देशों की छात्राओं के बीच करेंगी भारत और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व, श्रीहरिकोटा से लॉन्च होने वाले चंद्र मिशन से जुड़ेंगी
महासमुंद। शासकीय आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा रागनी साहू ने जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। रागनी का चयन प्रतिष्ठित ‘मिशन शक्तिसैट’ की नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस महत्वाकांक्षी चंद्र मिशन में भारत और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
रविवार को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने रागनी से मुलाकात कर उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की बेटी ने अपने माता-पिता, महासमुंद, छत्तीसगढ़ और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि रागनी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर भविष्य में भी बड़े वैज्ञानिक अभियानों का हिस्सा बनकर देश का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर शाला एवं विकास समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, भाजपा नेता दिनेश रूपरेला तथा पीयूष साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
108 देशों की छात्राओं के साथ होगा वैज्ञानिक मिशन
मिशन शक्तिसैट एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन है, जिसमें विश्व के 108 देशों की छात्राएं भाग ले रही हैं। चयनित प्रतिभागियों में शामिल रागनी साहू 22 से 31 अगस्त तक उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित आठ दिवसीय नेशनल वर्कशॉप में हिस्सा लेंगी।
वर्कशॉप के दौरान विभिन्न देशों की छात्राओं की अंतरराष्ट्रीय टीमें गठित की जाएंगी। ये टीमें मिलकर चंद्रमा के लिए दो विशेष उपग्रह विकसित करेंगी। इनमें से एक उपग्रह को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरा रोवर चंद्रमा की सतह पर उतरकर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा।
इस महत्वाकांक्षी मिशन के तहत तैयार किए गए उपग्रहों का प्रक्षेपण 11 अक्टूबर, अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर, श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो द्वारा किया जाएगा। रागनी की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और इसे महासमुंद की बेटियों के लिए प्रेरणादायी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
