बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने भाजपा का “बूथ चलो अभियान” तेज
चंद्रहास बोले – हर बूथ तक पहुंच बनाकर आम जनता से सीधा संवाद है अभियान का उद्देश्य
महासमुंद। शहर के इमली भाठा वार्ड क्रमांक 2, 3 और 10 में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “बूथ चलो अभियान” के तहत जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) चंद्रहास चंद्राकर ने मुख्य रूप से संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की है। इसका लक्ष्य प्रत्येक बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करना और आम नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और आगामी नीतियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने कहा कि “बूथ चलो अभियान” का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करना, नए मतदाताओं को जोड़ना और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करना है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सुधा साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और कर्तव्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत बूथ स्तर पर ही दिखाई देती है और हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह अपने बूथ को मजबूत बनाए। घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को समझना और उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।
भाजपा शहर मंडल उपाध्यक्ष मुन्ना साहू ने कहा कि अभियान के तहत बूथ समितियों को सक्रिय किया जाएगा, स्थानीय मुद्दों पर संवाद बढ़ाया जाएगा और जन-आकांक्षाओं के अनुरूप समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही वरिष्ठ नेता विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला मंत्री मनीष बंसल, मंडल महामंत्री अग्रज शर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमन वर्मा, कार्यक्रम प्रभारी सुनैना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
