घुचापाली में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर
वरिष्ठ कांग्रेसजनों का हुआ सम्मान, कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनौतियों का सामना करने का आह्वान
महासमुंद। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा ग्रामीण के तत्वावधान में घुचापाली मंडल द्वारा रविवार को ग्राम घुचापाली स्थित माँ चंडी मंदिर प्रांगण (बूढ़ादेव परिसर) में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कांग्रेस की गतिविधियों को सक्रिय करने तथा कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस संगठन के लिए लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ नेताओं का सम्मान किया गया। पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रेखराज चंद्राकर, बीस सूत्रीय कार्यक्रम के सदस्य ललित नारंग तथा फुलसिंह ध्रुव को कांग्रेस गमछा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नंदकुमार निषाद के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया गया। महासमुंद ग्रामीण के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ढेलूराम निषाद का भी श्रीफल एवं कांग्रेस गमछा भेंट कर स्वागत किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा एकजुट होकर आगामी चुनौतियों का मजबूती से सामना करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवनाथ साहू, सचिव खिलेश्वर सिन्हा एवं पुरुषोत्तम साहू, उपाध्यक्ष रमेश चंद्राकर, कोषाध्यक्ष राहुल कुलदीप, मंडल अध्यक्ष हरिराम यादव एवं मुकुंद सिन्हा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुर्गा सागर, रीमा यादव, भूषण चंद्राकर, जीवराखन निर्मलकर, कुलेश्वर भारती, देवशरण सेन, सियाराम खैरवार, गंगाधर वैष्णव, लीलूराम बरिहा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
