नरतोरा में श्रीमद् भागवत कथा: भक्ति और आस्था का भव्य संगम, डॉ. रश्मि चंद्राकर हुईं शामिल

धार्मिक आयोजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
महासमुंद। ग्राम नरतोरा में पटेल परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पावन अवसर पर कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जहां भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया और उपस्थित ग्रामीणों से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एकता व सद्भाव के सूत्र में बांधते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कथा स्थल पर भजन-कीर्तन, श्रद्धालुओं की आस्था और भक्तिमय वातावरण ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया गया, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मयाराम टंडन, राजू दीवान, हेमलाल यादव, ममता चंद्राकर, प्रिंसिपल महेंद्र पटेल, मोहन दुबे सहित समस्त शिक्षकगण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।