पुलिस का “संवाद” पोर्टल बना असरदार हथियार, 31 मामलों में कार्रवाई

गुप्त सूचनाओं के आधार पर आबकारी, जुआ-सट्टा, आर्म्स एक्ट सहित कई मामलों में कार्रवाई
महासमुंद। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा संचालित “शिकायत हेल्प डेस्क–संवाद” व्हाट्सएप पोर्टल प्रभावी मंच के रूप में उभरकर सामने आया है। इस पोर्टल पर प्राप्त सूचनाओं और शिकायतों के आधार पर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, “संवाद” पोर्टल के माध्यम से अब तक कुल 31 मामलों में कार्रवाई की गई है। इनमें 20 प्रकरण आबकारी एक्ट के तहत दर्ज किए गए, जिनमें 657 लीटर अवैध शराब जब्त की गई तथा 3 ढाबों पर कार्रवाई की गई।
वहीं, 5 मामलों में जुआ एवं सट्टा, 1 प्रकरण गैस सिलेंडर की कालाबाजारी तथा 2 मामलों में अवैध रूप से डीजल संग्रहण पर कार्रवाई की गई है। इन प्रकरणों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत भी धाराएं जोड़ी गई हैं।
इसके अलावा 2 मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 29 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
आम जनता के लिए आसान शिकायत का माध्यम
महासमुंद पुलिस ने “संवाद” हेल्प डेस्क के लिए व्हाट्सएप नंबर 9479229939 जारी किया है, जिस पर आम नागरिक अपने क्षेत्र में हो रही किसी भी अवैध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना दे सकते हैं। गुप्त सूचना देने के लिए 1 और शिकायत दर्ज करने के लिए 2 विकल्प उपलब्ध है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक की अपील
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने “संवाद” पोर्टल के माध्यम से सूचना देने वाले नागरिकों का आभार जताते हुए जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस व्हाट्सएप नंबर को अपने मोबाइल में सेव करें और आसपास हो रही किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल साझा करें, ताकि अपराध नियंत्रण में जनसहभागिता को और मजबूत किया जा सके।