40 लीटर शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरीबनपुर से बलौदा की ओर एक वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर बलौदा पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कच्चे मार्ग पर नाकाबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन चालक ने अपना नाम कमलेश प्रधान (25 वर्ष) और टेकचंद साहू (25 वर्ष), निवासी ग्राम अरतुन्डा, थाना बलौदा, जिला महासमुंद बताया। तलाशी लेने पर वाहन से आठ प्लास्टिक थैलों में कुल 40 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 8 हजार रुपये आंकी गई।
पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर (क्रमांक सीजी 06 जीएन 6871) भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 33 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। अब तक इस अभियान के तहत 460 प्रकरणों में 517 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है, वहीं 5942.090 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।