पुलिस का अवैध महुआ शराब पर बड़ा एक्शन, 5 ठिकानों पर दबिश , 55 लीटर शराब जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के साथ सरायपाली, बागबाहरा, चौकी बुंदेली और खल्लारी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से 5 अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर अवैध शराब जब्त की।
पुलिस ने सरायपाली के भौरादादर मोड़, ग्राम दर्राभाठा, बागबाहरा के भानपुर वार्ड क्रमांक 01, चौकी बुंदेली के रामनगर पारा तथा खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रुभाटा जंगल में छापेमारी की। इस दौरान कुल 55 लीटर महुआ शराब और 18 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 11,800 रुपये बताई गई है।
खल्लारी के कुर्रुभाटा जंगल में 4 ड्रम महुआ पास (कच्चा माल) बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं बुंदेली क्षेत्र में भी बड़ी मात्रा में महुआ पास को नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सरायपाली के मनबोध चौहान और शैलेन्द्र दास, बुंदेली के प्रेमलाल दिवान तथा बागबाहरा के दिलीप चौहान शामिल हैं।
अभियान के आंकड़े भी चौंकाने वाले
पुलिस द्वारा 15 दिसंबर 2025 से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 12 लाख 78 हजार 305 रुपये कीमत की 5076.541 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। इस दौरान 395 प्रकरण दर्ज कर 451 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों और महुआ शराब के निर्माण, परिवहन व बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।