गहराते संकट के बीच आप ने निकाली सिलेंडर की शव यात्रा
महासमुंद। प्रदेश में गहराते रसोई गैस संकट और सिलेंडर की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने गैस सिलेंडर की शव यात्रा निकालकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
यह प्रदर्शन तुमगांव चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय तक पहुंचा, जहां तहसीलदार को कलेक्टर एवं पेट्रोलियम मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘राम नाम सत्य है, गैस बिना जनता पस्त है’ जैसे नारों के साथ सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर ने सरकार के ‘गैस की कमी नहीं’ वाले दावों को भ्रामक बताते हुए कहा कि हकीकत में आम जनता को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष राकेश झाबक ने कहा कि गैस की अनियमित आपूर्ति से आम जनजीवन और होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित है। वहीं प्रदेश सह सचिव संजय यादव ने रिफिलिंग में हो रही देरी और एजेंसियों की उदासीनता पर सवाल उठाए। पार्टी ने मांग की कि गैस की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए और छत्तीसगढ़ में गैस की नियमित, पारदर्शी और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा बड़े स्तर पर जन आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
