संकुल स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षकों की टीम गठित करने के निर्देश

महासमुंद। जिले की शालाओं में बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से जिला पंचायत के सभाकक्ष में समग्र शिक्षा की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हेमंत नंदनवार ने की।
बैठक में जिले के सभी विकासखंडों के बीआरसीसी, बीआरपी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सीईओ श्री नंदनवार ने प्रत्येक ब्लॉक में संकुल स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षकों की टीम गठित करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में प्रभावी सुधार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि अप्रैल तक मेंटर शिक्षकों का चयन, छात्रों का अधिगम आधारित वर्गीकरण और संकुल समन्वयकों के दायित्व तय कर लिए जाएं, ताकि स्कूल खुलते ही ‘लक्ष्य महासमुंद विशेष अभियान’ शुरू किया जा सके। बैठक में अपार आईडी और यू-डाइस डेटा के शत-प्रतिशत संधारण, गुणवत्तापूर्ण मॉनिटरिंग तथा कक्षा 5वीं-8वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के समयबद्ध एवं गोपनीय मूल्यांकन पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने नवोदय चयन परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आने वाले वर्षों में अधिक चयन सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने की बात कही। साथ ही स्मार्ट क्लास के नियमित उपयोग, दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन और कक्षा 1 से 8 तक गतिविधि आधारित शिक्षण को अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए।