बड़ेबेन्दरी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन
शिविर में 81 आवेदन प्राप्त
कोंडागांव, 13 मार्च 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जनपद पंचायत कोंडागांव अंतर्गत ग्राम बड़ेबेन्दरी में गुरुवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजनों की समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को विशेष छूट प्रदान की जा रही है। साथ ही उन्होंने श्रम विभाग के श्रम पंजीयन तथा दीदी ई-रिक्शा योजना के अंतर्गत महिलाओं को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामदई नाग, नंदलाल राठौर तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवेदनों का समुचित एवं त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामवासियों से विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 81 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा 04 दिव्यांगजनों को ट्राइसिकल प्रदान की गई। इसी प्रकार 08 विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 01 हितग्राही को पोषण आहार तथा 01 हितग्राही को आयुष्मान कार्ड दिया गया। वहीं राजस्व विभाग द्वारा मौके पर ही आवेदनों का निराकरण करते हुए 04 ऋण पुस्तिकाएं वितरित की गईं। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत सामग्री प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने खुशी जताते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, जनपद पंचायत कोंडागांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उत्तम महोबिया तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
