नपाध्यक्ष की विशेष पहल पर दिव्यांग को मिला राशन कार्ड

विगत 10–12 साल से कार्ड बनवाने भटक रहा था दिव्यांग होरीलाल
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने मिसाल पेश की है। नयापारा के वार्ड क्रमांक 04 निवासी दिव्यांग होरीलाल सावरा को पालिका अध्यक्ष श्री साहू व वार्ड पार्षद राहुल आवड़े की विशेष पहल पर अब उनका बहुप्रतीक्षित राशनकार्ड मिल गया है। दिव्यांग होरीलाल ने पालिकाध्यक्ष श्री साहू के समक्ष राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई थी। उनके पास किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं होने के कारण विगत 10–12 साल से वह राशन कार्ड बनाने भटक रहा था। दिव्यांग की आर्थिक स्थिति व परेशानी को देखते हुए श्री साहू ने तत्काल जिला खाद्य अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा कर दिव्यांग होरी लाल के लिए राशन कार्ड बनाने की बात कही। खाद्य अधिकारी द्वारा पालिका अध्यक्ष के इस मानवीय पहल के बाद तत्काल होरी लाल के लिए बीपीएल राशन कार्ड जारी किया गया। उक्त कार्ड को आज पालिका कार्यालय में दिव्यांग को प्रदान किया गया।
इस दौरान दिव्यांग को राशन कार्ड प्रदान करते हुए पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि वार्ड 04 के पार्षद राहुल आवड़े के साथ दिव्यांग होरीलाल ने मुझे समस्या बताई थी। अब राशन कार्ड मिलने से उन्हें काफी राहत मिलेगी। यह कार्ड केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि दिव्यांग होरी लाल के अधिकारों की पहचान और आत्मसम्मान का प्रतीक बनेगा। पहले राशनकार्ड नहीं होने की वजह से उन्हें अनेक योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती थी, पर अब उन्हें न केवल सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सस्ता अनाज मिलेगा, बल्कि शासन के कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा। अपनी खुशी साझा करते हुए होरी लाल ने कहा, यह राशनकार्ड मेरे लिए केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि मेरी गरिमा और अधिकारों की स्वीकृति है। मैं नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू का आभार प्रकट करता हूँ, जिन्होंने मेरी समस्याओं को गंभीरता से लेकर समाधान किया।