‘चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने वाला सशक्त माध्यम स्काउट ’
महासमुंद। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स बागबाहरा ने स्काउट-गाइड आंदोलन के जनक के जन्मदिवस को चिंतन दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक शाला परिसर पतेरापाली में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जहां उपस्थित सदस्यों ने उनके आदर्शों, सिद्धांतों और सेवा भावना को स्मरण करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने वाला सशक्त माध्यम है। अंचल के वरिष्ठ स्काउट मास्टर अरुण कोसे, संघ के अध्यक्ष पंकज हरपाल, पूर्व सचिव भीमसेन चंद्राकर एवं मुरलीधर सिन्हा ने वर्तमान में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने में स्काउट-गाइड संघ एवं शिक्षा जगत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सर्वधर्म प्रार्थना में विभिन्न धर्मों के मंत्रों का उच्चारण कर भाईचारे, एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ स्काउटर रामगोपाल दीवान ने व आभार प्रदर्शन पूर्व सचिव भीमसेन चंद्राकर ने व्यक्त किया। इस अवसर पर संघ के ब्लॉक उपाध्यक्ष राजेश सोनी, शाला विकास समिति से लखन लाल साहू, रूखमणी बंजारे, सतीश देवांगन, गगन टोंडेकर, रूखमणी बघेल, भगवंतीन निराला, रोवर पुष्पेंद्र साहू, अतुल तुली सोनवानी, डेविड निर्मलकर एवं रेंजर कु. आर्या सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
