जेवरात, बर्तन समेत 20 हजार से अधिक की चोरी

महासमुंद। पिथौरा में सूने मकान पर चोरों ने धावा बोला है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक नंबर 03 खेल मैदान के पीछे निवासी सुखचरण चतुवेर्दी, जो जनपद पंचायत फिंगेश्वर में करारोपण अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, 1 फरवरी को अपने परिवार के साथ आवश्यक कार्य से रायपुर गए हुए थे। इस दौरान उनका घर बंद था। 4 फरवरी को पड़ोसी ललिता चौधरी ने फोन कर सूचना दी कि घर का चैनल गेट खुला हुआ है और कमरों के दरवाजे भी खुले हैं। सूचना मिलते ही वे वापस पिथौरा पहुंचे। मौके पर पहुंचकर देखा तो मुख्य चैनल गेट की कुंडी टूटी हुई थी और घर के सभी कमरों के ताले टूटे मिले।
चोरों ने घर के अंदर रखे चार नग चांदी के पायल (लगभग 18 तोला), चार कांसा की थालियां, पीतल के बर्तन, कांसे का लोटा तथा नगद 5 हजार रुपये सहित कुल लगभग 20,800 रुपये के सामानों की चोरी कर ली। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पिथौरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।