बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो घायल
महासमुंद। ग्राम झलप में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरेकेल निवासी देवेन्द्र कुमार टंडन 2 फरवरी को मेषकुमार टंडन के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जी 0420 से झलप से अपने घर बरेकेल लौट रहे थे। शाम करीब 4 बजे एनएच-53 सर्विस रोड स्थित एटीएम के पास, पीछे से आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में देवेन्द्र कुमार टंडन को दाहिने पैर और कमर में चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे मेषकुमार टंडन के सिर, नाक और कंधे में चोट लगी। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ की धारा 125(ए) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
