उत्कृष्ट कार्य के लिए जनसंपर्क विभाग के सुरेश्वर निषाद और नासिक सहारे सम्मानित

77वें गणतंत्र दिवस पर सांसद महेश कश्यप ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
नारायणपुर, 27 जनवरी 2026// जिले में 77वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप उपस्थित रहे। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शासकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में जिला जनसंपर्क कार्यालय के जिला समन्वयक सुरेश्वर निषाद तथा फोटोग्राफर सह डाटा एंट्री ऑपरेटर नासिक सहारे को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
सुरेश्वर निषाद को राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, सफलता कहानियों के निर्माण तथा मुख्यमंत्री, जिला स्तरीय कार्यक्रमों एवं कलेक्टर दौरों की गतिविधियों को सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए सम्मान प्रदान किया गया। वहीं नासिक सहारे को विभिन्न कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, समाचार प्रेषण, पेपर कटिंग, सफलता कहानी, ई-क्लिपिंग, रिपोर्ट सहित अन्य कार्यालयीन कार्यों को समयबद्ध, निष्ठापूर्वक एवं प्राथमिकता के साथ संपादित करने हेतु सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर नम्रता जैन एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी संत कुमार कच्छप ने दोनों सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।