विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति का रोल ऑब्जर्वर अभिनव गुप्ता ने किया निरीक्षण
बेमेतरा 27 जनवरी 2026/- निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के लिए नियुक्त रोल ऑब्जर्वर अभिनव गुप्ता ने मंगलवार 27 जनवरी 2026 को बेमेतरा जिले का भ्रमण कर पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। रोल ऑब्जर्वर अभिनव गुप्ता ने बेमेतरा नगरपालिका क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठक लेकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। बैठक में बीएलओ द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए, जिनकी उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है और इसमें बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर कार्यालय के उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मनोज केसरिया एवं जयशंकर उराव भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत वर्तमान में लॉजिकल एरर वाले मतदाताओं को नोटिस जारी कर क्लस्टर स्तर पर सुनवाई की जा रही है। यह कार्य सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के क्रम में रोल ऑब्जर्वर तहसील कार्यालय बेमेतरा पहुंचे, जहां तहसीलदार बेमेतरा अनिरुद्ध मिश्रा द्वारा ग्राम गुनरबोड़ के मतदाताओं की सुनवाई प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। उन्होंने प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की तथा निर्वाचन कार्यालय के ऑपरेटर द्वारा ऑनलाइन किए जा रहे निराकरण कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को सूक्ष्मता से देखते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात रोल ऑब्जर्वर ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 68 साजा के मतदान केंद्र क्रमांक 01 अगरी स्थित ग्राम पंचायत भवन में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मोरध्वज साहू द्वारा की जा रही सुनवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं से प्राप्त किए जा रहे दस्तावेजों की जांच की तथा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बेमेतरा प्रकाश कुमार भारद्वाज एवं साजा की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हर्षलता वर्मा से भी आवश्यक जानकारी ली गई। रोल ऑब्जर्वर ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दीप्ति वर्मा, निर्वाचन पर्यवेक्षक संतोष कुमार नामदेव, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मानकर उईस्यानी, आशुतोष गुप्ता, जयंत पटले, राजाराम लहरे, बीएलओ सुपरवाइजर तथा विभिन्न मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।
