साजा, बेमेतरा एवं नवागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित
विशेष गहन पुनरीक्षण
बेमेतरा 27 जनवरी 2026/- निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 68 साजा, 69 बेमेतरा एवं 70 नवागढ़ के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मंगलवार 27 जनवरी 2026 को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त दावा-आपत्तियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की दिशा में की जा रही कार्यवाही से अवगत कराया गया।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के दूसरे चरण में 23 दिसंबर 2025 को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया था। इसके पश्चात मतदान केंद्रों में दावा-आपत्तियाँ प्राप्त करने का कार्य 22 जनवरी 2026 तक किया गया। इस अवधि में नाम जोड़ने के लिए कुल 7,482 फार्म-6, नाम विलोपन के लिए 683 फार्म-7 तथा प्रविष्टियों में संशोधन हेतु 2,297 फार्म-8 प्राप्त हुए। बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्र 69 बेमेतरा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रकाश कुमार भारद्वाज, विधानसभा क्षेत्र 70 नवागढ़ की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दिव्या पोटाई एवं विधानसभा क्षेत्र 68 साजा की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हर्षलता वर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावा-आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया, लॉजिकल एरर के निराकरण तथा आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों का निराकरण पारदर्शी, निष्पक्ष एवं आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त दावा-आपत्तियों की सूची भी उपलब्ध कराई गई, जिससे वे पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर सकें। बैठक में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन कर्मी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।
