स्व. अटल के विचार और कृतित्व युगों तक दिशा देता रहेगा: येतराम
महासमुंद। भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के महान राष्ट्रद्रष्टा थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और सुशासन को समर्पित रहा। अटल का व्यक्तित्व राजनीति में शुचिता, विचारों में स्पष्टता और व्यवहार में विनम्रता का प्रतीक था। जिलाध्यक्ष साहू ने कहा कि अटल की विदेश नीति संतुलित, दूरदर्शी और राष्ट्रहित पर आधारित थी। पड़ोसी देशों के साथ संवाद, विशेषकर बस यात्रा के माध्यम से शांति का संदेश देना, उनके उदार किंतु दृढ़ नेतृत्व को दर्शाता है। वे शांति के पक्षधर थे, परंतु देश की सुरक्षा और सम्मान से कभी समझौता नहीं किया।
