जिले में अब तक 17 लाख 91 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी पूर्ण
उत्तर बस्तर कांकेर 23 दिसंबर 2026/ राज्य सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले के सभी 149़ उपार्जन केंद्रों तथा 70 सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 17 लाख 91 हजार 817 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें 17 लाख 69 हजार 926 क्विंटल मोटा धान तथा 20 हजार 661 क्विंटल पतला और 01 हजार 228 क्विंटल सरना वैरायटी का धान सम्मिलित है। इस संबंध में बताया गया कि किसानों को अपना धान बेचने के लिए ’टोकन तुंहर हाथ’ एप के जरिए अब सप्ताह के सभी सातों दिन और 24 घण्टे ऑनलाइन माध्यम से टोकन कटाने की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा धान उपार्जन केन्द्रों में जाकर भी टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 149 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं तथा धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खरीदी केन्द्र प्रभारी तथा पर्यवेक्षण व निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा धान के अवैध परिवहन, भण्डारण तथा विक्रय को रोकने गठित टीमों के द्वारा सतत निगरानी की जा रही है।
