धान तौलाई में बड़े पैमाने पर हो रही धांधली : मानिक
महासमुंद। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मानिक साहू ने सोमवार को बसना ब्लॉक के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। किसानों ने शिकायत की है कि खरीदी लिमिट बेहद कम रखी गई है, केंद्रों में धान बेचने की दैनिक सीमा इतनी कम है कि ज्यादातर किसान टोकन तक नहीं पा रहे और मजबूरन कम दाम पर व्यापारियों को धान बेचने विवश हैं।
श्री साहू ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बसना, छांदनपुर और गढ़फुलझर खरीदी केंद्रों में किसानों ने कहा कि तौलाई में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है। प्रति बोरी 41 किलो 200 ग्राम तक तौलकर किसानों का धान लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव में 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आते ही किसानों को ठगने का खेल शुरू कर दिया। कम लिमिट, धांधली भरी तौलाई और अव्यवस्था से किसान परेशान हैं। अगर सरकार ने तुरंत सुधार नहीं किया तो किसान कांग्रेस सड़क पर उतरेगी और बड़ा आंदोलन करेगी। निरीक्षण के दौरान प्रदेश किसान कांग्रेस कोषाध्यक्ष राजेश मुकर्जी, प्रदेश सचिव देवेंद्र पटेल, विनोद चौहान, नवदीप चंद्राकर, पुष्पसागर, पिंकू चौहान, भागीरथी दास सहित किसान नेता और किसान उपस्थित थे।
