उल्लास साक्षरता कार्यक्रम, सर्वे-ऑनलाइन एण्ट्री 15 दिसम्बर तक

बलरामपुर, 27 नवंबर 2025। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 द्वारा अनुशंसित उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यानुसार शिक्षार्थियों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों का सर्वे तथा उल्लास पोर्टल में एप के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि का कार्य 15 दिसम्बर 2025 तक पूर्ण किया जाना है। इस हेतु वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप असाक्षरों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से की जाएगी।
इस संबंध में कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री राजेन्द्र कटारा के द्वारा समस्त जनपद पंचायत सीईओ, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड परियोजना अधिकारी, साक्षरता मिशन प्राधिकरण को निर्देशित किया गया है कि उल्लास एप में ऑनलाइन एंट्री की प्रतिदिन समीक्षा करते हुए समय पर प्रविष्टि कार्य सुनिश्चित करें।
सर्वे कार्य के सुचारु संपादन हेतु असाक्षरों के चिन्हांकन के संबंध में दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके तहत 15 वर्ष या अधिक आयु के ऐसे व्यक्ति जो असाक्षर हैं और पूर्व में किसी भी साक्षरता कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हुए हों।ऐसे नवसाक्षर, जो पीएलए के तहत एनआईओएस द्वारा संपन्न परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, परंतु किसी कारणवश प्रमाणपत्र प्राप्त नहीं कर सके। ऐसे नवसाक्षर, जिन्हें लंबे अंतराल के कारण पढ़ना, लिखना अथवा दैनिक जीवन में प्रयुक्त आवश्यक जोड़-घटाना में कठिनाई हो। इन सभी का सर्वे कर शामिल करना है।
जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता मिशन हीरा लाल पटवा ने जानकारी दी है कि राज्य व जिला स्तर से कक्षा 9 वी एवं 11वी तक के छात्र-छात्राओं को उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम अन्तर्गत स्वयंसेवी शिक्षक बन सकते है। जिन्हें 10 बोनस अंक एवं प्रशस्ति पत्र दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष 657 बच्चों को बोनस अंक दिया गया।