किसान ने ऑनलाइन टोकन से बेचा 33 क्विंटल धान धान
गरियाबंद 26 नवम्बर 2025। ग्राम कौन्दकेरा के किसान दानी राम साहू ने कौन्दकेरा धान खरीदी केंद्र में ऑनलाइन टोकन कटवाकर 33 क्विंटल धान का विक्रय आसानी से किया। धान विक्रय के उपरांत उन्होंने धान खरीदी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए शासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की 3100 प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसान आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाने के लिए अपनाई गई तकनीक किसानों के लिए अत्यंत लाभप्रद है। ऑनलाइन टोकन वितरण प्रणाली लागू होने से किसानों को धान विक्रय हेतु अनावश्यक रूप से लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। बड़े एवं लघु किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन द्वारा टोकन तुहर ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से धान खरीदी को अधिक सुव्यवस्थित किया गया है। इस व्यवस्था के तहत उपलब्ध टोकनों में से 80 प्रतिशत टोकन लघु एवं सीमांत किसानों के लिए तथा 20 प्रतिशत टोकन दीर्घ किसानों के लिए आरक्षित किए गए हैं। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार 2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 1 टोकन, 2 से 10 एकड़ तक के किसानों को अधिकतम 2 टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन प्रदान किए जाने की पात्रता निर्धारित की गई है। किसान अपनी सुविधा अनुसार ऐप में लॉगिन कर निर्धारित मानदंडों के अनुरूप टोकन प्राप्त कर पा रहे हैं। श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लागू यह तकनीक आधारित व्यवस्था धान खरीदी को पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध एवं किसान हितैषी बना रही है, जिससे किसान बिना किसी असुविधा के अपने धान का विक्रय कर प्रसन्न हैं।
