रोजगार मेला, 1829 पदों पर भर्ती, 79 अभ्यर्थियों का तत्काल चयन
गरियाबंद, 26 नवम्बर 2025। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग रायपुर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन तथा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, गरियाबंद के तत्वाधान में आज वन विभाग के ऑक्शन हॉल में प्रातः 11.00 बजे से शाम 3.00 बजे तक जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया।
इस दौरान छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू, कलेक्टर बीएस उइके, जिला पंचायत के मुख्य कार्यापालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी, कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छाया चित्र पर दीप प्रज्वलित कर रोजगार मेला की शुरूआत की। साथ ही कलेक्टर श्री बीएस उइके ने संविधान दिवस में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष साहू ने युवाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि रोजगार मेला युवाओं के लिए सुनहरा अवसर प्रदान करता है, जहां विभिन्न कंपनियाँ और संस्थान एक ही मंच पर आकर रोजगार के द्वार खोलती हैं। ऐसे कार्यक्रम न केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाते हैं, बल्कि उनकी कौशल क्षमता, आत्मविश्वास और भविष्य की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रोजगार मेले से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ता है, उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलता है और आर्थिक विकास को गति मिलती है। हमें चाहिए कि अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठाएँ, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करें और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चंद्राकर ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि रोजगार मेला युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप नौकरी पाने का सीधा मंच देता है। विभिन्न संस्थानों से जुड़कर वे करियर विकल्प समझते हैं और बेहतर अवसर चुन पाते हैं। ऐसे मेले क्षेत्रीय विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हैं। युवाओं को चाहिए कि वे इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएँ।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इस रोजगार मेला में निजी क्षेत्र के 10 प्रतिष्ठानों द्वारा कुल 1829 रिक्त पदों के लिए भर्ती की जानी थी। जिसमें 354 आवेदकों ने विभिन्न पदों हेतु साक्षात्कार में शामिल हुए। साक्षात्कार उपरांत निजी प्रतिष्ठानों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी श्रेणी के 79 पदों पर अभ्यर्थियों का तत्काल अंतिम चयन किया गया। शेष रिक्त पदों के लिए भाग ले रहे अन्य 06 नियोजकों द्वारा कौशल परीक्षा एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया पूर्ण कर 15 दिवस के भीतर अंतिम चयन की कार्यवाही की जाएगी। जिला स्तरीय रोजगार मेला के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल रही, जिससे स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का सशक्त मंच मिला। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष श्री लेखराम साहू, सुरेन्द्र सोनटेके, चंद्रशेखर साहू, मिलेश्वरी सिन्हा, सुमित पारख सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
