डिजिटाइजेशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए 6 बीएलओ सम्मानित
दंतेवाड़ा, 26 नवंबर 2025। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य सतत रूप से प्रगतिशील है। मतदाता सूची को अधिक सुदृढ़ तथा शत-प्रतिशत अद्यतन बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले के बीएलओ द्वारा गणना पत्रक वितरण एवं प्राप्त गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। साथ ही डिजिटाइजेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया भी जा रहा है। इस कड़ी में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मूलचंद चोपड़ा ने आज 6 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्य की सराहना की। इन सम्मानित बीएलओ में श्री पवन कुमार नेताम (मासोड़ी), श्री कमल नारायण (दंतेवाड़ा-3), लवलेश चंद्राकर (बड़े बचेली-7), श्री मोहन लाल साहू (कुचेपाल), श्री हड़मा राम मरकाम (दुधीरास) तथा श्री बनवाली राम ठाकुर (पेंटा) शामिल हैं। इसके अलावा अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि सभी बीएलओ इसी प्रकार समय सीमा एवं निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए निर्वाचन कार्य में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किया जा सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और भी सशक्त बनाया जा सके।
