विधायक से मिला रसोईया संघ का प्रतिनिधिमंडल

‘मोदी गारंटी वादा पत्र’ में रसोइयों के लिए घोषित 50% वेतन वृद्धि को शीघ्र लागू करने की मांग
महासमुंद। प्रदेश स्कूल रसोईया संघ मध्याह्न भोजन की 100 से अधिक महिला रसोइयों ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से मुलाकात की। मुलाकात में रसोईया संघ ने भाजपा के ‘मोदी गारंटी वादा पत्र’ में रसोइयों के लिए घोषित 50% वेतन वृद्धि के वादे को शीघ्र लागू करने की मांग पुरजोर ढंग से रखी। विधायक श्री सिन्हा ने इस मांग पर गंभीरता दिखाते हुए रसोइया प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से शीघ्र भेंट सुनिश्चित करवाएंगे, ताकि यह मांग सीधे प्रदेश के मुखिया तक पहुंचाई जा सके। रसोईया संघ की प्रदेश प्रमुख श्रीमती नीलू ओगरे ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि उनके इस सहयोगात्मक रवैये से प्रदेशभर की 87 हजार से अधिक रसोइयों में सरकार के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है। जिससे प्रदेशभर में मध्यान्ह भोजन योजना से जुड़ी महिलाओं को अब जल्द ही राहत की उम्मीद बंधी है।