वय वंदना हेल्थ कार्ड बनाने 19 को चलेगा महाअभियान
गरियाबंद 18 जुलाई 2025/आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत जिले के 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का वय वंदना स्वास्थ्य कार्ड बनाने के लिए 19 जुलाई को महाअभियान चलाया जाएगा। इस दौरान गांवों में विशेष शिविर का आयोजन कर स्वास्थ्य कार्ड बनाने से छूटे हुए 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों का वय वंदना कार्ड बनाया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें विभागीय अधिकारी सहित ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी, रोजगार सहायक, एएनएम, आरएचओ, सीएचओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन कार्यकर्ता शामिल है। ड्यूटी कर्मी 19 जुलाई को संबंधित ग्राम पंचायत शिविर स्थल में प्रातः 10 बजे उपस्थित होंगे। उपस्थित सभी को जानकारी संकलन करने के लिए घर-घर जाकर भ्रमण करने का निर्देश दिया गया है। कलेक्टर बी एस उइके ने वय वंदना कार्ड बनाने के इस महा अभियान के सुचारू संचालन के लिए सभी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गंभीरता पूर्वक शिविर आयोजित कर महाअभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि वय वंदना कार्ड पंजीकरण का लक्ष्य जिला-स्तर पर 21,998 रखा गया है, जिसमें से अब तक 7,199 पंजीकरण हो चुके हैं। शेष 14,799 पंजीकरण लंबित हैं। इस अभियान का उद्देश्य जिले में पात्र लाभार्थियों का वय वंदना कार्ड पंजीकरण सुनिश्चित करना है ताकि वे आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।