विधायक ने किया चिकित्सकों का सम्मान

त्याग, समर्पण का पर्याय होते हैं डॉक्टर
महासमुंद। अंतर्राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने विधायक निवास में चिकित्सकों को सम्मानित किया। सिन्हा ने कार्य के प्रति समर्पण एवं त्याग की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस केवल चिकित्सकों के कार्य को याद करने का दिन नहीं है बल्कि, इस दिन चिकित्सकों के त्याग, समर्पण और सभी के स्वास्थ्य को बनाए रखने के जुनून का सम्मान करने के लिए मनाते हैं। आगे कहा कि चिकित्सकों के बिना जीवन की कल्पना करना भी मुश्किल लगता है और यही वजह है कि चिकित्सक को भगवान का दर्जा दिया जाता है।
चिकित्सकों का जीवन केवल 8 या 10 घंटे की नौकरी नहीं होती। दिन के 24 घंटे में कभी भी उनकी जरूरत पड़ जाती है। मरीजों के शारीरिक के साथ मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना और उनका इलाज करना एक चिकित्सक का महत्वपूर्ण कर्तव्य होता है। जिनका निर्वहन एक चिकित्सक जीवनभर करता है। चिकित्सक कभी भी रिटायर नहीं होता। वे हमेशा मरीज के दर्द को दूर करने के लिए तैयार रहते हैं। हमें भी चिकित्सकों को केवल एक दिन नहीं, बल्कि प्रत्येक दिन सम्मान देना चाहिए।