इण्डोर स्टेडियम बालोद में जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन
विधायक ललित चन्द्राकर होंगे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां पूर्ण
जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राओं सहित समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ करेंगे सामूहिक योगाभ्यास
बालोद, 20 जून 2025। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन शनिवार 21 जून को सुबह 07 बजे गंजपारा स्थित इण्डोर स्टेडियम बालोद में किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक अजय गेडाम ने बताया कि 21 जून 2025 को ग्यारहवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए ’योगः एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की थीम निर्धारित की गई है। राज्य शासन द्वारा जिला मुख्यालय बालोद के इण्डोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मंे दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललित चन्द्राकर होंगे। इसके साथ ही जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डौण्डीलोहारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया, गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद, संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेन्द्र चन्द्राकर, नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, जनपद पंचायत बालोद के अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया होंगे।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय बालोद के इण्डोर स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। इण्डोर स्टेडियम बालोद में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक ललित चन्द्राकर सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक के अलावा सभी अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राओं, विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधि सहित समाज के सभी वर्गों के लोगोें के द्वारा एक साथ सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। जिला मुख्यालय बालोद के इण्डोर स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करने हेतु सभी लोगों से सुबह 06.30 बजे अनिवार्य रूप से कार्यक्रम स्थल में उपस्थित होने की अपील की है।
