इमलीभाठा व नयापारा मुक्तिधाम का पालिकाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने शहर के इमलीभाठा व नयापारा दलदली रोड स्थित मुक्तिधाम तथा आसपास स्थलों का निरीक्षण किया। इमलीभाठा में मुक्तिधाम के पीछे तालाब का सौंदर्यीकरण, दशगात्र कार्यक्रम के लिए शेड निर्माण स्थल का भी अवलोकन कर जन सुविधाओं को ध्यान में रखकर प्राथमिकता से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसी तरह दलदली रोड में क्षेत्र के नागरिकों की मांग पर शवदाह निर्माण हेतु स्थल चयन तथा मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों के लिए पेयजल, छाया, तथा मुक्तिधाम का सौंदर्यीकरण कराए जाने लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर, अधिकारी, कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुक्तिधाम में बरसात व गर्मी के मौसम में लोगों को अधिक परेशानी होती है। ऐसे में नागरिकों को राहत प्रदान करना पालिका की पहली प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से पार्षद जय देवांगन प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
