खाद्य व्यवसायियों के लिए प्रशिक्षण 20 एवं 21 को
महासमुंद। खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण और प्रमाणन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अभिहीत अधिकारी सह अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महासमुंद ने बताया कि एफएसएसएआई द्वारा अधिकृत मास्टर ट्रेनर के माध्यम से प्रदान किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी किराना व्यवसायी, होटल संचालक, गुमठी एवं ठेला व्यवसायी सहित समस्त खाद्य कारोबारियों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह प्रशिक्षण नि:शुल्क होगा और इसमें भाग लेने से खाद्य व्यवसायियों को खाद्य सुरक्षा के मानकों की जानकारी एवं व्यवसाय संचालन में गुणवत्ता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण और प्रमाणन प्रशिक्षण का दो दिवसीय आयोजन 20 एवं 21 जून को सभी विकासखंडों में निर्धारित समय एवं निर्धारित स्थल पर किया जाएगा। जिसमें 20 जून को महासमुंद विकासखंड अंतर्गत प्रात: 10 बजे स्वाध्याय भवन, कॉलेज रोड, महासमुंद में एवं बागबाहरा अंतर्गत दोपहर 03 बजे जिनकुशल भवन जैन मंदिर के पास बागबाहरा में तथा 21 जून को बसना विकासखंड अंतर्गत प्रात: 10 बजे कृषि उपज मंडी कार्यालय परिसर बसना में, सरायपाली अंतर्गत दोपहर 01 बजे अग्रवाल धर्मशाला सरायपाली एवं पिथौरा अंतर्गत दोपहर 04 बजे श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल नगर पंचायत पिथौरा में आयोजित किया जाएगा। शिविर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थिति रहेंगे। इन प्रशिक्षणों में भाग लेने हेतु विभाग द्वारा सभी खाद्य व्यवसायियों से अपील की गई है। साथ ही स्थानीय किराना एवं होटल व्यवसायी संघ ने भी अपने-अपने क्षेत्र के समस्त खाद्य कारोबारियों से उक्त प्रशिक्षण में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की है।
