देशभक्ति और सेना के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा

गांवों से लेकर शहर तक सभी वर्गों की रही भागीदारी
महासमुंद। ऑपरेशन सिंदूर’अभियान के अंतर्गत देशभक्ति और सेना के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा की शुरूआत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों से आयोजित की गई, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक मार्च किया। इस दौरान बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे जोश और उत्साह के साथ इस यात्रा का हिस्सा बने। यात्रा में ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ के नारों से सम्पूर्ण वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
बता दें कि भव्य तिरंगा यात्रा के आयोजन का उद्देश्य भारत की एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा में तैनात भारतीय सेना के प्रति आभार प्रकट करना था। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद ने आज सुबह 8 बजे तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यात्रा नगर पालिका से नेहरू चौक, अंबेडकर चौक गांधी चौक होते हुए हाईस्कूल मैदान पहुंची। यात्रा सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा,पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर,पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा, श्रीमती सरला कोसरिया,भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, प्रदीप चंद्राकर, नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, पंचायत एवं नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, अधिकारी, नागरिक, बच्चे व जवान बड़ी संख्या में शामिल हुए और देश के प्रति अपनी एकजुटता और सम्मान प्रकट किया।
‘ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सशक्त बनाने का प्रतीक ’
तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए सांसद एवं विधायक ने कहा कि यह यात्रा न केवल तिरंगे के प्रति सम्मान है, बल्कि यह हमारे शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि भी है। यह अभियान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सशक्त बनाने का प्रतीक है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत पूरे जिले में एक साथ तिरंगा यात्रा आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करना, समाज को जागरूक करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। नागरिकों ने अनुशासन और उत्साह के साथ सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
तिरंगे के संरक्षण, संवर्धन व सम्मान की शपथ
यात्रा के समापन पर सामूहिक राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। आयोजन के अंत में जनप्रतिनिधियों ने तिरंगे के संरक्षण, संवर्धन एवं सम्मान की शपथ दिलाई। उल्लेखनीय है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिदूंर की सराहना हर देशवासी कर रहा है। भारतीय सेना द्वारा देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा अत्यन्त वीरता के साथ की जा रही है।
पुरातत्व नगरी में भी निकली यात्रा
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सिरपुर में आज भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक सहित भ्रमण दल के 5 सदस्य शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ सिरपुर के ऐतिहासिक स्थल से हुआ और यह शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तथा गलियों से होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा में स्काउट-गाइड के बच्चों, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों के तिरंगा लहराते, देश प्रेम नारों और देशभक्ति गीतों ने वातावरण को राष्ट्रीय एकता की भावना से भर दिया। कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। नागरिकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सिरपुर जैसी ऐतिहासिक नगरी में इस प्रकार के आयोजन से युवाओं को अपने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।