अच्छी फसल के लिए मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी को दूर किया जाना जरूरी: चंद्रहास
किसानों को उन्नत खेती, शासन की योजनाओं के बारे में बीज निगम अध्यक्ष ने दी जानकारी
महासमुंद। उन्नत खेती और किसानों की समृद्धि के लिए ग्राम पोखरा स्थित कृषि एवं बीज विकास निगम के फॉर्म हाउस में किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों को उन्नत तकनीकों, बीज, आधुनिक कृषि उपकरणों, शासन की योजनाओं एवं कृषि प्रबंधन की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन कृषि एवं बीज विकास निगम के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) चंद्रहास चंद्राकर शामिल हुए। इस दौरान ग्राम पोखरा सहित आसपास के ग्रामों के सैंकड़ों किसान कार्यशाला में उपस्थित होकर उन्नत खेती व शासन की योजनाओं से अवगत हुए। श्री चंद्राकर ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती कर किसान अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए बीज का चयन, बीज उपचार, समय पर सिंचाई के साथ-साथ मिट्टी जांच कर उसमें आवश्यक पोषक तत्वों की कमी को दूर किया जाना जरूरी है। किसानों को उन्नत कृषि के लिए जो भी आवश्यक संसाधनों की जरूरत होगी, उसके लिए शासन की ओर से पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग पर कृषि उपकरण, उपचारित बीज सहित कृषि से संबंधित सामग्री उन्हें विभाग की ओर से प्रदान की जाएगी। चंद्राकर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों से मांग व समस्या से संबंधित जो भी आवेदन विभाग को मिलते हैं, उसका समाधान तत्काल करने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कार्यशाला का शुभारंभ दोपहर 1 बजे से किया गया, जो लगभग 3.30 बजे तक चला। इस अवसर पर कृषि विभाग, निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
