पुलिस की चेकिंग देख बाइक से कूदकर भागा, चार दिन बाद गांजा तस्कर गिरफ्तार

टेमरी नाका पर 5.440 किलो गांजा के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद फरार साथी भी दबोचा गया
महासमुंद। कोमाखान पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस की चेकिंग देखकर चलती बाइक से कूदकर फरार हो गया था। पुलिस ने चार दिन तक तलाश के बाद उसे गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस ने अब गांजा परिवहन में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को टेमरी जांच नाका के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की पल्सर बाइक आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही बाइक में पीछे बैठा युवक चलती बाइक से कूदकर भाग गया। पुलिस ने बाइक चालक रामचरण उर्फ यश ठाकुर (24), निवासी पीसेगांव, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग को पकड़ लिया। बाइक पर रखे थैले की तलाशी लेने पर 5.440 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 72 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल पल्सर बाइक और मोबाइल समेत कुल 3 लाख 65 हजार रुपए की संपत्ति जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था। रामचरण को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था, जबकि उसका फरार साथी पुलिस की पकड़ से बाहर था।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को 13 सितंबर को थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना नाम विक्रांत चंद्राकर उर्फ विक्की (25), निवासी कोनारी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। पूछताछ में उसने 11 सितंबर को रामचरण के साथ बाइक से टेमरी नाका पहुंचने और पुलिस चेकिंग देखकर बाइक से कूदकर भागने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कांटाबांजी से गांजा लाकर दुर्ग में खपाने की थी तैयारी
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी कांटाबांजी, ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग में खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच के साथ गांजा तस्करी के नेटवर्क और आर्थिक लेनदेन की भी पड़ताल शुरू कर दी है।