भगवान परशुराम की निकाली गई शोभायात्रा

महासमुंद। भगवान परशुराम प्रकटोत्सव के पावन मौके पर शनिवार को सर्व ब्राह्मण समाज ने भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली। मौसम खराब होने के बावजूद विप्र युवाओं में जबरदस्त उत्साह रहा। शोभायात्रा पिटियाझर मार्ग विप्र भवन से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए सिटी स्पोर्ट्स पहुंची। जहां विप्रजनों ने सामूहिक स्नेह भोज किया।
बता दें कि भगवान श्री विष्णु के छठवें अवतार परशुराम अक्षय तृतीया के दिन प्रकट हुए थे। लेकिन, अक्षय तृतीया के दिन ब्राह्मण समाज के कर्मकांड पुरोहित द्वारा अनुष्ठान आदि, कार्यक्रमों में व्यस्त होने की वजह से प्रतिवर्ष अक्षय तृतीया के बाद शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है। शोभायात्रा से पूर्व विप्र भवन में शाम 5 बजे भगवान के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया गया। शोभायात्रा का विभिन्न समाजजनों ने जगह-जगह स्वागत किया। शोभायात्रा में प्रथम पंक्ति पर धुमाल ग्रुप ,महिला मंडल की टीम, बाद समाज के प्रमुख जन और इसके बाद कर्मकांड पुरोहित वाहन पर यज्ञ करते चल रहे थे। शंखनाद और स्वास्तिवाचन से शहर का वातावरण धर्ममय हो गया। सिटी स्पोर्ट्स क्लब में बाबा रामदेव म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई।