जंगल में शौच के लिए गए बुजुर्ग पर तीन भालुओं का हमला, चेहरा और सिर बुरी तरह जख्मी
महासमुंद। ग्राम कछारडीह में सोमवार सुबह जंगल की ओर शौच के लिए गए 60 वर्षीय बुजुर्ग पर तीन भालुओं ने अचानक हमला कर दिया। भालुओं ने बुजुर्ग के चेहरे की चमड़ी और सिर के बाल तक नोच डाले। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उसे भालुओं के चंगुल से बचाया और घर पहुंचाया। गंभीर हालत में उसे महासमुंद जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कछारडीह निवासी दर्शन यादव (60) सोमवार सुबह करीब 6 बजे शौच के लिए गांव से लगे जंगल की ओर गया था। इसी दौरान जंगल में मौजूद तीन भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दर्शन संभल नहीं सका। भालुओं ने उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं।
हमले के दौरान दर्शन के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह भालुओं को वहां से खदेड़ा और घायल दर्शन को सुरक्षित बाहर निकालकर घर पहुंचाया।
दो घंटे तक मदद नहीं मिलने का आरोप
दर्शन की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने तत्काल 108 और 112 पर सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब दो घंटे तक कोई सहायता नहीं पहुंची। इसके बाद मजबूरी में निजी वाहन किराए पर लेकर घायल को महासमुंद जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया।
वन विभाग ने दी 11 हजार की सहायता
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने घायल ग्रामीण के उपचार के लिए 11 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की है। घटना के बाद से कछारडीह और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल क्षेत्र में भालुओं की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
