पटवारी ने नोटिस का जवाब नहीं दिया, किया सस्पेंड

ग्रामीणों ने रिश्वत लेते वीडियो कलेक्टर को सौंपा था
महासमुंद। रिश्वत लेते वीडियो सामने आने के बाद कारण बताओ नोटिस का जवाब न देने पर पिथौरा एसडीएम ओंकारेश्वर सिंह ने मोहगांव पटवारी विजय प्रभाकर को सस्पेंड कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि वायरल वीडियो में आम जन से राशि की मांग करते हुए धनराशि प्राप्त की जा रही है, जिससे शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। उक्त वायरल वीडियो के संबंध में संबंधित हल्का पटवारी को 01 मई 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने निर्देशित किया था। संबंधित पटवारी ने 24 घंटे बीत जाने के बाद भी स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया। उनका उक्त कृत्य छग सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 (2) के विपरित होने से छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के विपरीत है। अत: उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबित अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय पिथौरा होगा।