वन नेशन, वन इलेक्शन से बढ़ेगा देश का विकास : योगेश्वर

महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने एक राष्ट्र ,एक चुनाव को देश के लिए आवश्यक बताया है। उन्होंने कहा है कि वन नेशन, वन इलेक्शन से देश और समृद्ध होगा। साथ ही विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव भारत सरकार द्वारा देश में सभी एक ही दिन या एक विशिष्ट समय सीमा के भीतर विचाराधीन एक प्रस्ताव है, जिसका उद्देश्य चुनाव लागत में कटौती करना है। इसके सबसे उल्लेखनीय प्रस्तावों में से एक लोकसभा और सभी राज्यों में विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराना है। एक राष्ट्र, एक चुनाव से सार्वजनिक धन की बचत होगी। प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा बलों पर तनाव कम होगा। नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार देश में प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक चुनाव होता है, इन चुनावों के चलते विभिन्न प्रकार के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नुकसान होते हैं। चुनाव की आर्थिक लागत अधिक है, इसके अलावा अन्य वित्तीय लागतें भी हैं। देश की आजादी के बाद भी कुछ सालों तक एक साथ चुनाव हुए हैं।
एक राष्ट्र एक चुनाव से कई लाभ
एक राष्ट्र एक चुनाव होने से कई प्रकार के लाभ नजर आते हैं। आज की स्थिति में हर साल देश में कहीं न कहीं चुनाव होते रहते हैं। इससे धन और समय बर्बाद होता है। एक साथ होने से समय और धन दोनों की बचत होगी। बार बार लगने वाले आचार संहिता से भी राहत मिलेगी। इससे विकास की गति भी बाधित नहीं होगी।