बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों ने विधायक से मिलकर जताया आभार
महासमुंद। बीएड डिग्री धारक सहायक शिक्षकों ने शुक्रवार को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से मुलाकात कर शासन और विधायक का आभार जताया। इस पर विधायक ने उन्हें नए पद के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार किसी भी वर्ग के साथ अन्याय नहीं होने देगी। बता दें कि वर्ष 2023 में हुए भर्ती परीक्षा में बीएड डिग्री धारक अभ्यर्थियों को सहायक शिक्षकों के पद पर पदस्थ किया गया था। कुछ समय बाद सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बीएड डिग्रीधारी अभ्यर्थियों को सहायक शिक्षक के पद से हटाने एवं डीएड अभ्यर्थियों को उनके पद पर पदस्थ करने का आदेश आया। इससे बीएड के सहायक शिक्षकों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद से ही सरकार इन शिक्षकों के लिए समायोजन का रास्ता तलाश रही थी। इसी बीच जिले के बर्खास्त सहायक शिक्षक विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से मिलने पहुंचे थे। विधायक ने उन्हें आश्वासन दिया था कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। सरकार सबके के हितों को ध्यान में रखते हुए रास्ता जरूर निकालेगी। 30 अप्रैल को हुए कैबिनेट के बैठक में बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों का सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पद पर समायोजन का फैसला लिया गया।
