सफाई दीदियों व मित्रों में अवकाश को लेकर खुशी: राठी
महासमुंद। सफाई दीदियों व मित्रों का साप्ताहिक अवकाश मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने जारी कर दिया है। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने बताया कि सीएमओ ने फोन कर बताया कि शासन के आदेश पर शनिवार से रोटेशन में अवकाश देना प्रारंभ कर दिया गया है।
गौरतलब है कि शासन द्वारा डेढ़ माह पूर्व ही सफाई मित्रों व दीदियों को साप्ताहिक अवकाश व माह में एक दिन का ऐच्छिक अवकाश देने की घोषणा राजपत्र में जारी किया गया था। आदेश के बाद भी नगर पालिका द्वारा लागू नहीं किया जा रहा था। उपाध्यक्ष पदभार ग्रहण के दिन सीएमओ को निर्देश देने के बाद 15 दिन के अंदर अवकाश घोषित किया गया। पहले पालिका द्वारा एक रिक्शा में चलने वाले दो महिलाओं में एक को अवकाश दिया जा रहा था, जो शासन के मंशानुसार नहीं था। सीएमओ से कहा गया है कि एक रिक्शा में चलने वाली दो महिलाओं को सप्ताह में पूरा एक अवकाश दिया जाए। अब चार एनयूएलएम सेंटर में प्रतिदिन दो रिक्शा चलाने वाले सफाई मित्र एवं सफाई दीदियों का पूरा अवकाश रहेगा। प्रतिदिन 8 रिक्शा वाले अवकाश पर रहेंगे। सीएमओ को निर्देश दिया गया कि शासन द्वारा ड्रेस, जूता, ग्लब्स व अन्य सामग्री दी जा रही है, उसे भी दी जाए। अवकाश से सफाई दीदी एवं मित्रों में खुशी की लहर है। अब अवकाश के कारण ड्यूटी अवधि में कार्यक्षमता बढ़ेगी। सफाई दीदियों ने भी गुलदस्ता भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। नपाध्यक्ष राठी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं शासन के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान वार्ड 26 के पार्षद पीयूष साहू, भाजपा नेता हनीष बग्गा, गौरव राठी, रोशन बग्गा व सार्थक साहू उपस्थित रहे।
